यह तो ईश्वर की कृपा, किसी को ज़्यादा बच्चे, किसी को कम : दयाशंकर

यह तो ईश्वर की कृपा, किसी को ज़्यादा बच्चे, किसी को कम : दयाशंकर

यह तो ईश्वर की कृपा, किसी को ज़्यादा बच्चे, किसी को कम : दयाशंकर
Modified Date: April 27, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: April 27, 2026 6:30 pm IST

बलिया (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए सख्त कानून की मांग के बीच कहा कि ‘यह ईश्वर की कृपा है कि किसी को ज्यादा बच्चे होते हैं, किसी को कम।

सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट ऑथोरिटी’ बताया।

सोमवार को जिला मुख्यालय पर महिला जन आक्रोश अभियान कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए सिंह ने कहा, ‘भारत में किसी पर रोक नहीं है। यह तो ईश्वर की कृपा है। किसी को पांच बच्चे होते हैं, किसी को एक भी नहीं होते।’

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। ये कभी सत्ता में आने वाले नहीं हैं।”

सिंह ने कहा “2012 में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था। उन्होंने इन्हें मुख्यमंत्री बनाया। उसके बाद से ये (अखिलेश) लगातार हार रहे हैं।’

सपा के पीडीए को लेकर सिंह ने कहा, ‘इनके पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट ऑथोरिटी है, यानी केवल परिवार के लोग। पीडीए में दूसरा कोई नहीं। ये निश्चित करें कि इनकी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पीडीए का कोई दूसरा सामान्य व्यक्ति होगा, तब माना जाएगा कि ये पीडीए के हितैषी हैं।’

भाजपा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, ‘भाजपा में सामान्य लोग ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति बनते हैं। मध्यप्रदेश में उन्हीं के वर्ग के मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया है। क्या अखिलेश यादव की पार्टी का कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने का सपना देख सकता है?’

भाषा सं आनन्द

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में