उत्तर प्रदेश के चंदौली में मरम्मत के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत

उत्तर प्रदेश के चंदौली में मरम्मत के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत

उत्तर प्रदेश के चंदौली में मरम्मत के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत
Modified Date: February 15, 2026 / 12:46 am IST
Published Date: February 15, 2026 12:46 am IST

चंदौली (उप्र) 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 33 केवी की बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक लाइनमैन की करेंट की चपेट में आ जाने से झुलसकर मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सकलडीहा क्षेत्र के बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि मृत लाइनमैन सरदुम (25) कंदवा थाना क्षेत्र के अमडा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा पर तैनात था और वह अरंगी गांव का निवासी था।

उन्होंने बताया कि सरदुम शाम पांच बजे अदसड़ गांव के पास 33 केवी लाइन की मरम्मत के लिए एक अन्य सहयोगी के साथ गया हुआ था।

उन्होंने बताया कि उस समय जमानियां से मुख्य आपूर्ति बंद नहीं होने के कारण सरदुम मरम्मत के दौरान करेंट की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसे बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत करार दिया। मुआवजे के बाबत उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को सहायता राशि के रूप में 10 लाख रुपये दिये जाएंगे।

वहीं सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेन्द्र कुमार ने पूछे जाने पर बताया कि 33 केवी लाइन की मरम्मत के दौरान सरदुम सेफ्टी टूल्स नहीं पहने हुए था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं आनन्द

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में