लखनऊ-दिल्ली उड़ान में बम की धमकी के कारण छह घंटे से ज्यादा की देरी, जांच में कुछ नहीं मिला
लखनऊ-दिल्ली उड़ान में बम की धमकी के कारण छह घंटे से ज्यादा की देरी, जांच में कुछ नहीं मिला
लखनऊ, 12 जून (भाषा) लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान बम की धमकी मिलने के कारण शुक्रवार को छह घंटे से अधिक की देरी से रवाना हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से इस उड़ान को पूर्वाह्न 10 बजकर 45 मिनट पर करीब 180 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन यह अंततः शाम चार बजकर 15 मिनट पर उड़ान भर सकी और लगभग एक घंटे बाद राष्ट्रीय राजधानी पहुंची।
सूत्रों के अनुसार, विमान में बम होने की सूचना मिलने के बाद उड़ान में विलंब हुआ। उड़ान के प्रस्थान से कुछ समय पहले चालक दल को संभावित सुरक्षा खतरे की जानकारी मिली, जिसके बाद विमान को एप्रन पर रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
एक सूत्र ने बताया कि विमान के शौचालय से एक ‘टिशू पेपर’ बरामद हुआ, जिस पर ‘बम’ लिखा था। इसके बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, जांच में यह धमकी झूठी पाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि विमान की गहन जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद आवश्यक कानूनी और सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
इंडिगो के एक प्रवक्ता ने कहा कि उड़ान संख्या 6ई के रवाना होने से कुछ समय पहले कथित सुरक्षा खतरे की जानकारी मिली थी।
प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और आवश्यक जांच में उन्हें पूरा सहयोग दिया।’’
अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। असुविधा कम करने के लिए हमने उन्हें जलपान उपलब्ध कराया और समय-समय पर आवश्यक जानकारी भी दी। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हमेशा सुरक्षा और संरक्षा रही है। यात्री, चालक दल और विमान हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी हैं।’’
भाषा किशोर आनन्द खारी
खारी

Facebook


