लखनऊ अग्निकांड: प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री व विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक

लखनऊ अग्निकांड: प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री व विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक

लखनऊ अग्निकांड: प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री व विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया शोक
Modified Date: June 22, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: June 22, 2026 9:28 pm IST

लखनऊ, 22 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंजिला एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने से 15 लोगों की हुई मौत पर शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच’एक्स’ पर एक संदेश में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। बचाव कार्य जारी है और अधिकारी हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं।’’

मोदी ने कहा, ”प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लखनऊ में आग लगने के कारण हुआ हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने भी इस भीषण अग्निकांड पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से जुटा है तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’’

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ”लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की जान चली गई है, जो बेहद पीड़ादायक व हृदयविदारक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस पार्टी सभी शोकसंतप्त परिवारों व घायलों के साथ है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा व राहत प्रदान की जानी चाहिए।

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।’’

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आज दोपहर बाद हुई अग्निकाण्ड में अनेक लोगों की मौत तथा और भी कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुखद।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रकार की जानलेवा घटनायें दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिये सबको मिलकर सही से काम करने की ज़रूरत है। सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।’’

राष्ट्रीय लोकदल के सचिव अनिल दुबे ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंजिला एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में झुलसकर 15 लोगों की मौत हो गयी तथा सात अन्य जख्मी हो गये।

भाषा सलीम आनन्द धीरज

धीरज


लेखक के बारे में