लखनऊ में 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला, पुलिस ने चार टीमें गठित कीं

Ads

लखनऊ में 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला, पुलिस ने चार टीमें गठित कीं

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 12:59 AM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 12:59 AM IST

लखनऊ, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 21 वर्षीय एक युवती के लापता होने के मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उसे एक परिचित व्यक्ति द्वारा जबरन ले जाया गया, हालांकि पुलिस ने कहा है कि शिकायत में धर्मांतरण से संबंधित कोई आरोप नहीं है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई को पीजीआई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 (किसी महिला का अपहरण, विवाह के लिए मजबूर करना या उसे बहलाकर ले जाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। यह मामला युवती के पिता बृज मोहन सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया।

शिकायत में कहा गया है कि युवती 21 मई को नौकरी के कॉल के जवाब में तेलीबाग बाजार गई थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी।

पिता ने आरोप लगाया है कि इरशाद अली नामक व्यक्ति उसे जबरन अपने साथ ले गया।

लखनऊ दक्षिण के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को बताया कि युवती की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि शिकायत में धर्मांतरण से संबंधित कोई आरोप दर्ज नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें निराधार हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इरशाद अली पहले संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में संविदा पर काम कर चुका है और वह युवती के परिवार को जानता था।

अधिकारी के अनुसार, नौकरी जाने के बाद विरोध में उसने एसजीपीजीआई परिसर में मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन किया था और पुलिस के पहुंचने के बाद ही नीचे उतरा था।

भाषा

किशोर, आनन्द रवि कांत

शीर्ष 5 समाचार