उप्र: राज्यपाल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह संपन्न

Ads

उप्र: राज्यपाल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह संपन्न

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 07:31 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 07:31 PM IST

लखनऊ, 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि छात्राएं अपने ज्ञान, प्रतिभा और समर्पण के बल पर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा समाज व राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी का 48वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में 26 मेधावी विद्यार्थियों (20 छात्राएं और छह छात्र) तथा दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के कुल 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 41,000 छात्राएं और 22,183 छात्र शामिल हैं।

राज्यपाल ने उपाधि और पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, परिश्रम और लगन का प्रमाण है।

उन्होंने छात्राओं से अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान चंदौली जिले के 300 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट प्रदान की गईं।

बयान के अनुसार, जनवरी 2025 से अब तक 33,663 किट वितरित की जा चुकी हैं, जबकि जनसहयोग से प्रदेश में कुल 69,443 आंगनबाड़ी किट बांटी गई हैं।

बयान में बताया गया कि इसके अलावा वाराणसी और चंदौली में 600 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण भी कराया गया।

राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों का प्रतीक है।

उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, शोध और प्रशासन में किए गए नवाचारों की सराहना की।

आनंदीबेन ने कहा कि विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन शिक्षण, ई-कंटेंट, डिजिटल प्रशासन और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।

उन्होंने समाजोपयोगी शोध और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से जल संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘कैच द रेन’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया और वर्षा जल संचयन तथा पौधारोपण पर जोर दिया।

भाषा जफर जितेंद्र

जितेंद्र