राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को अस्पताल से दो-तीन दिन में मिल सकती है छुट्टी
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को अस्पताल से दो-तीन दिन में मिल सकती है छुट्टी
लखनऊ, दो जुलाई (भाषा) सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए गए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उन्हें अगले दो-तीन दिन में अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है।
मेदांता अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि वह और डॉ. दिलीप दुबे की टीम महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत पर लगातार नजर रख रही है तथा उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
कपूर ने कहा कि दास को अगले दो-तीन दिन में पूर्ण स्वास्थ्य लाभ के बाद अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 89 वर्षीय दास को 29 जून को पेशाब में संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक दास को हाल के वर्षों में ढलती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य जटिलताओं का सामना करना पड़ा है, जिसके कारण वह ट्रस्ट की कई बैठकों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए हैं।
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली बैठक छह जुलाई को होनी है, जिसमें कथित चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट के महासचिव पद से चंपत राय और सदस्य के रूप में अनिल मिश्रा के इस्तीफों तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
हालांकि, दास को छह जुलाई से पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल यह साफ नहीं है कि वह ट्रस्ट की आगामी अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे या नहीं।
भाषा
सलीम पारुल
पारुल

Facebook


