मेरठ में नर्स हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मेरठ में नर्स हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने मेडिकल कॉलेज की नर्स अंजलि शर्मा की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मेडिकल थाना पुलिस और स्वाट टीम द्वारा गिरफ्तार किये गये अभियुक्त सूफियान ने अंजलि द्वारा शादी से इनकार किये जाने पर अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि गत 21 मई को अंजलि के भाई ने मेडिकल थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सूफियान और उसकी बहन साजिदा, अंजलि को शादी का झांसा देकर लोहियानगर क्षेत्र स्थित किराये के कमरे पर ले गए थे और शादी से इनकार करने पर दोनों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी साजिदा ने शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय जबर सिंह की भूमिका भी सामने आई थी।
उन्होंने बताया कि साजिदा और जबर सिंह को मामले में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और अब मुख्य आरोपी सूफियान की गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा सं. सलीम सुरेश
सुरेश

Facebook


