ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को अपराधियों के हवाले किया : दानिश आजाद अंसारी
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को अपराधियों के हवाले किया : दानिश आजाद अंसारी
बलिया, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि ममता ने राज्य को पिछड़ेपन और अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।
बलिया जिले के सुखपुरा में पत्रकारों से बातचीत में अंसारी ने कहा कि ममता बनर्जी ने अपराधियों को तृणमूल कांग्रेस का नेता बना दिया।
उन्होंने कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति भी पश्चिम बंगाल जैसी थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कर प्रदेश को भयमुक्त बनाया।
अंसारी ने कहा कि मुस्लिम समाज को तुष्टीकरण की राजनीति नहीं, बल्कि समानता, अधिकार, शिक्षा और रोजगार की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दिशा में न तो ममता बनर्जी ने काम किया और न ही उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकार ने।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मुसलमानों को गुमराह कर उनका केवल राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं।
अंसारी ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को समान अवसर देने के लिए कार्य कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


