दूसरे धर्म की महिला से शादी करने वाले व्यक्ति की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरे धर्म की महिला से शादी करने वाले व्यक्ति की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद (उप्र), 31 मार्च (भाषा) गाजियाबाद जिले में दूसरे धर्म की महिला से शादी करने वाले 32 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसके ससुराल वालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे पुलिस को भनेड़ा गांव में एक पुलिया के पास एक बेहोश व्यक्ति पड़ा होने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति को तुरंत पास के अस्पताल ले जाने के बाद दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान लोनी के गीतांजलि विहार निवासी नितिन कुमार जयंत के रूप में हुई।
सिंह ने बताया कि नितिन ने करीब एक साल पहले बागपत जिले के मेहरुद्दीन की बेटी मुस्कान से आपसी सहमति से शादी की थी।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि पिछले कुछ दिनों से दम्पति के बीच घरेलू कलह चल रही थी जिसके बाद मुस्कान अपने मायके लौट गई थी।
सिंह ने बताया कि सोमवार को नितिन के ससुराल के लोग उसके घर आये और विवाद सुलझाने के बहाने उसे अपने साथ ले गये। उन्होंने बताया कि गांव जाते समय कथित तौर पर उनके बीच बहस छिड़ गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर नितिन को बुरी तरह पीटा और उसका गला दबाकर उसे बेहोशी की हालत में पुलिया के पास छोड़कर भाग गये।
सूत्रों के अनुसार सुलह कराने के लिये नितिन के साथ गये उसके छोटे भाई अमित कुमार की शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अमित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मुस्कान के पिता मेहरुद्दीन, आसिफ अली और कुछ अज्ञात लोग इस हमले में शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


