लखनऊ में धार्मिक पहचान छिपाकर युवती का यौन शोषण करने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज
लखनऊ में धार्मिक पहचान छिपाकर युवती का यौन शोषण करने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज
लखनऊ, 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में धार्मिक पहचान छिपाकर विवाह का झांसा देने, युवती का कथित तौर पर शारीरिक शोषण करने, ब्लैकमेल करने और अन्य गंभीर आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
लखनऊ पुलिस द्वारा रविवार को जारी बयान के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया कि 2022 में उसकी आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। युवक ने अपना नाम ‘राहुल’ बताया और स्वयं को हिंदू समुदाय का बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
पीड़िता का आरोप है कि उसने शादी का वादा कर कई बार उससे कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने 25 जनवरी 2026 को लखनऊ के पुरनिया क्षेत्र स्थित एक मंदिर में उससे विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों आशियाना इलाके में किराए के एक मकान में रहने लगे।
पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपी के परिजनों से संपर्क करने पर महिला को पता चला कि उसका वास्तविक नाम इरशाद अहमद है।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह आरोपी के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची, तो आरोपी, उसके पिता और अन्य परिजनों ने उससे मारपीट की तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने उसके किराए के कमरे से सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये चोरी किए जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि युवक उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था, समाज में बदनाम करने की धमकी देता था और पहले से विवाहित होने की बात कहकर उसे दूसरी पत्नी के रूप में रहने के लिए मजबूर कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
भाषा आनन्द वैभव खारी
खारी

Facebook


