मेरठ, दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से .315 बोर के 21 देशी तमंचे तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान तजम्मुल के रूप में की गयी है, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक गिरोह का सदस्य है।
मेरठ एसटीएफ इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ के दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के निवासी तजम्मुल को शनिवार रात लालकुर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से देशी तमंचों के अलावा हथौड़ा, हैक्सॉ ब्लेड (आरी के पत्ते), रेती, वेल्डिंग रॉड, वेल्डिंग मशीन, वाइस (शिकंजा) तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि तजम्मुल अवैध हथियारों की बड़ी खेप लेकर इस क्षेत्र में आने वाला है, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में तजम्मुल ने स्वीकार किया है कि वह अपने साथियों के साथ पिछले पांच वर्षों से अवैध हथियार बना रहा था और उनकी आपूर्ति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में करता था।
उसने जांचकर्ताओं को बताया कि .315 बोर का प्रत्येक देशी तमंचा 4,000 से 5,000 रुपये में बेचा जाता था।
अधिकारी ने बताया कि तजम्मुल को वर्ष 2022 में मुजफ्फरनगर में गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से 37 देशी तमंचे बरामद किए गए थे। लेकिन जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से अवैध हथियारों के कारोबार में सक्रिय हो गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मेरठ के लालकुर्ती थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत