रील नहीं रीयल लाइफ जियो और देश को सबसे ऊपर रखो: नितिन नवीन ने युवाओं से कहा

Ads

रील नहीं रीयल लाइफ जियो और देश को सबसे ऊपर रखो: नितिन नवीन ने युवाओं से कहा

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 10:04 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 10:04 PM IST

मेरठ (उप्र), 21 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं से नशे और ‘शॉर्टकट’ से दूरी बनाने, अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने और अपनी क्षमताओं को साबित करने का सोमवार को आग्रह किया।

यहां सुभारती विश्वविद्यालय के मंगलय प्रेक्षागृह में एक युवा सम्मेलन में विद्यार्थियों के साथ बातचीत में नवीन ने कहा कि नशा और ‘शॉर्टकट’ अपनाने की प्रवत्ति आज युवाओं को सबसे अधिक प्रभावित कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ रील नहीं, बल्कि रीयल लाइफ जियो और देश को सबसे ऊपर रखो।’’ उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।

नवीन ने कहा, ‘‘ युवा महज भविष्य नहीं हैं, बल्कि भारत की वर्तमान ताकत भी हैं। युवा भारतीय अंतरिक्ष, स्टार्टअप्स, खेल और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।’’

स्वामी विवेकानंद का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि 100 ऊर्जावान और समर्पित युवा इस देश का भाग्य बदल सकते हैं। नवीन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति ही केवल एक मार्ग नहीं है, बल्कि युवा अपने अपने क्षेत्रों जैसे इंजीनियर, डॉक्टर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी और उद्यमिता में योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ सरकार अवसरों और मंचों का निर्माण कर सकती है, लेकिन युवाओं को उस मंच पर प्रदर्शन करना पड़ेगा।’’

मेरठ के खेल उद्योग के संदर्भ में नवीन ने कहा कि इसका क्रिकेट का बल्ला, हॉकी, बैडमिंटन रैकेट और बॉक्सिंग ग्लव्स दुनियाभर के बाजारों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने निर्माणाधीन मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का एक मंच प्रदान करेगा।

मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा और बुलंदशहर में कॉलेजों से करीब 2,500 विद्यार्थी इस सम्मेलन में शामिल हुए।

भाषा सं राजेंद्र शोभना

शोभना