मेरठ: मृत महिला विदेशी नागरिक निकली; गलत पहचान के चलते पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया
मेरठ: मृत महिला विदेशी नागरिक निकली; गलत पहचान के चलते पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया
मेरठ, चार मार्च (भाषा) मेरठ पुलिस ने बुधवार को बताया कि पिछले महीने मवाना इलाके में मृत मिली महिला तुर्कमेनिस्तान की नागरिक है।
पुलिस ने पहले जांच के दौरान बरामद आधार कार्ड के आधार पर महिला की पहचान दिल्ली की ‘अर्चिता अरोड़ा’ के रूप में की थी।
हालांकि, 25 फरवरी को तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान की दो महिलाओं द्वारा संपर्क किए जाने और दावे का खंडन करने के बाद पुलिस को अपने दावे का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
दोनों महिलाओं ने दावा किया कि मृतका तुर्कमेनिस्तान की नागरिक नाजमुदिनोवा मोहब्बत सुनातोवना है, जो लगभग 15 वर्षों से भारत में रह रही थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसका पासपोर्ट बिचौलियों द्वारा ले लिया गया था और विशिष्ट टैटू को छिपाने के लिए उसके शव को जानबूझकर जलाया गया हो सकता है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बुधवार को स्वीकार किया कि मृतका तुर्कमेनिस्तान की नागरिक प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित दूतावास से संपर्क कर साक्ष्यों का सत्यापन कराया जा रहा है और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने 21 फरवरी को सुबह लगभग छह बजे मेरठ–बिजनौर राजमार्ग पर स्थित एक फार्म हाउस के पास खेत से एक अज्ञात महिला का शव मिला था।
उन्होंने बताया कि शव की पहचान अर्चिता अरोड़ा के रूप में की गई थी जिसका चेहरा ज्वलनशील पदार्थ से बुरी तरह जलाया गया था।
पुलिस ने जांच की और दावा किया कि मृतका का परतापुर इलाके में अविका होटल के संचालक चंचल कुमार और उसके साथियों के साथ कमरे के किराए को लेकर विवाद था।
दावा किया गया कि 20 फरवरी की रात को आरोपियों ने महिला का गला कंबल से घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। 26 फरवरी को पुलिस ने चंचल कुमार, संदीप, गुरुमुख और विवेक को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से कार, एक कंबल और ज्वलनशील पदार्थ की खाली बोतल बरामद कर ली।
इसी बीच, पीड़िता के कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला कि वह चंडीगढ़ में रहने वाली एक महिला के संपर्क में थी। उस महिला ने पुलिस को बताया कि पीड़िता 12 फरवरी को मेरठ गई थी और 16 फरवरी से उसका फोन बंद था।
नए घटनाक्रम ने पुलिस को उलझन में डाल दिया और अपनी जांच पर संदेह पैदा कर दिया।
इसके बाद, तुर्कमेनिस्तान की नागरिक नजमुदिनोवा गुलनारा सुनातोवना ने मृत महिला की पहचान अपनी बेटी नजमुदिनोवा मोहब्बत सुनातोवना के रूप में की, जो लगभग 15 साल पहले नौकरी के लिए भारत आई थी।
मां द्वारा साझा की गई तस्वीरों में कथित तौर पर उसके हाथ और कमर पर जो टैटू दिखाई दे रहे हैं, वे मृत महिला के शरीर पर मौजूद टैटू से मिलते-जुलते हैं।
भाषा सं सलीम अमित नोमान
नोमान

Facebook


