मेरठ, 28 जून (भाषा) मेरठ विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट हैक कर ली गई और अज्ञात हैकर ने वेबसाइट के मुख्यपृष्ठ पर कथित तौर पर पाकिस्तान के समर्थन में आपत्तिजनक संदेश और नारे प्रदर्शित कर दिए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस घटना के बाद प्राधिकरण में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के अनुसार, वेबसाइट खोलने पर सामान्य जानकारी के बजाय काले रंग की स्क्रीन पर आपत्तिजनक संदेश दिखाई दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि हैकरों ने स्वयं को ‘ओवरथ्रश1337’ नामक समूह का सदस्य बताया है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही मेरठ प्राधिकरण की तकनीकी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) टीम ने वेबसाइट को बहाल करने तथा सर्वर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी।
फिलहाल वेबसाइट काम नहीं कर रही है और तकनीकी दिक्कतों केा दूर किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरठ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट हैक होने का मामला संज्ञान में आया है। वेबसाइट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।’
भाषा सं सलीम खारी
खारी