उप्र: बलिया में नाबालिग लड़की को अगवा कर एक साल तक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
उप्र: बलिया में नाबालिग लड़की को अगवा कर एक साल तक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
बलिया, 17 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक नाबालिग लड़की को कथित रूप से अगवा कर गुजरात ले जाकर तकरीबन एक साल तक दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को एक साल पहले आरोपी ने अपहृत कर लिया था और इस मामले में लड़की की मां की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिला भारतीय न्याय संहिता की अपहरण की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने 14 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद जिले के बावला थाना क्षेत्र से ज्ञान तिवारी उर्फ ज्ञान सिंह (30) को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से अपहृत नाबालिग लड़की को मुक्त करा लिया।
सिंह ने बताया कि नाबिलग लड़की ने पुलिस को बयान दिया कि उसे ज्ञान तिवारी ने अगवा किया था और उसे गुजरात ले आकर तकरीबन एक साल से वह उससे दुष्कर्म कर रहा था।
उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की सुसंगत धारा जोड़ी गई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ज्ञान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर बलिया की एक अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


