ललितपुर में कुएं में गिरने से मां-बेटे की मौत
ललितपुर में कुएं में गिरने से मां-बेटे की मौत
बांदा, 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार तड़के कुएं में गिरने से एक युवती और उसके तीन साल के बेटे की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तालबेहट क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशीष मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह डायल 112 को सूचना मिली कि म्यांव गांव के खेत में बने कुएं में एक युवती और तीन साल के बच्चे का शव तैरता दि्ख रहा है।
मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को बाहर निकलवाया। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त रानी (26) और उसके तीन साल के बेटे के रूप में हुई है।
मिश्रा के मुताबिक, रानी नगर कोतवाली क्षेत्र के मड़ावरी गांव में ब्याही थी और मानसिक रूप से बीमार होने के चलते पिछले एक माह से मायके में रहकर इलाज करवा रही थी।
मिश्रा ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि वह मंगलवार तड़के करीब तीन बजे अपने बेटे को साथ लेकर शौच के लिए खेत की तरफ गई थी और अनजाने में बेटे के साथ कुएं में गिर गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल

Facebook


