प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार,अनुसंधान एवं सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास की जरूरत: पटेल

प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार,अनुसंधान एवं सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास की जरूरत: पटेल

प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार,अनुसंधान एवं सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास की जरूरत: पटेल
Modified Date: October 27, 2025 / 06:22 pm IST
Published Date: October 27, 2025 6:22 pm IST

लखनऊ, 27 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को कहा कि प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान एवं सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास की जरूरत है।

राज्यपाल ने उनकी अध्यक्षता में आज यहां राजभवन में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए.के.टी.यू.), उत्तर प्रदेश एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की संयुक्त समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

राजभवन से जारी एक बयान के मुताबिक, बैठक में प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रदेश में प्राविधिक शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर राज्यपाल को विस्तार से अवगत कराया गया।

राज्यपाल ने प्राविधिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ए.के.टी.यू. के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा इनक्यूबेशन सेंटरों से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

उन्होंने ‘स्टार्टअप’ को प्रोत्साहन देने पर विशेष बल देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं विद्यार्थियों को अग्रिम राशि के रूप में प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में चल रहे लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों से प्राप्त फीस को केवल उनके हित एवं कल्याण के लिए ही उपयोग की जाए।

पटेल ने अधिकारियों से कहा कि योजनाबद्ध ढंग से कार्य करते हुए फीस निर्धारण प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान एवं सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

भाषा आनन्द नोमान

नोमान


लेखक के बारे में