पर्व-त्योहार में उपद्रव बर्दाश्त नहीं : योगी आदित्यनाथ
पर्व-त्योहार में उपद्रव बर्दाश्त नहीं : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर कड़ी चेतावनी देते हुए बुधवार को कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान सार्वजनिक उद्दंडता और माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसी हर घटना के दोषियों के विरुद्ध बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति के साथ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने बुधवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बृहस्पतिवार से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र, 20 मार्च को अलविदा की नमाज और 21 मार्च को ईद-उल-फितर के मद्देनजर व्यापक तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में शांति, सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में परंपरागत स्वरूप का ही पालन कराया जाए और किसी भी नयी परंपरा की अनुमति न दी जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को निर्देशित किया कि संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, जालौन, गोरखपुर, आगरा, जौनपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई का ब्योरा लिया।
उन्होंने दो टूक कहा कि अपराध की एक भी घटना पूरे समाज का माहौल बिगाड़ती है, इसलिए हर शिकायत और हर घटना को गंभीरता से लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के भीतर ही रखी जाए, अन्यथा सख्ती से हटाने की कार्रवाई की जाए।
अयोध्या और मथुरा-वृंदावन में माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भाषा सलीम सुरभि
सुरभि

Facebook


