अब जनता-जनार्दन का दिया पैसा कब्रिस्तान की चारदीवारी पर खर्च नहीं होता : योगी

अब जनता-जनार्दन का दिया पैसा कब्रिस्तान की चारदीवारी पर खर्च नहीं होता : योगी

अब जनता-जनार्दन का दिया पैसा कब्रिस्तान की चारदीवारी पर खर्च नहीं होता : योगी
Modified Date: June 21, 2026 / 04:03 pm IST
Published Date: June 21, 2026 4:03 pm IST

हमीरपुर, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि अब सरकारी धन आस्था के केंद्रों के विकास पर खर्च हो रहा है, न कि कब्रिस्तानों की चारदीवारी पर।

योगी ने हमीरपुर में 636 करोड़ रुपये की लागत वाली 75 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं जनता द्वारा अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनने का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि कमल के फूल पर दिए गए वोट ने उत्तर प्रदेश की तकदीर बदल दी है।

मुख्यमंत्री ने कुंभ और अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाते थे, वही अब प्रदेश में हो रहे बदलाव को देख रहे हैं।

योगी ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा,“जो समाजवादी पार्टी जयश्रीराम बोलने पर लाठियां और गोली चलवाती थी, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर रोक लगाती थी, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थीं लेकिन वही मोहर्रम और ईद पर सरेआम सड़कों पर उद्दंडता करने के लिए प्रोत्साहित करती थी।”

उन्होंने कहा, “आज आप अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी में भव्य कारीडोर, और मां विंध्यवासिनी का भव्य धाम देखिए। अब जो विधायक आस्था के केंद्र का प्रस्ताव देता है, उसका सौंदर्यीकरण कराया जाता है।”

योगी ने कहा, “अब पैसा आस्था के केंद्रों को जाता है, अब जनता-जनार्दन का दिया हुआ पैसा कब्रिस्तान की चारदीवारी पर खर्च नहीं होता। अब यही अंतर है।”

योगी ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा की देन है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से इसे वैश्विक पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि योग दिवस पर दुनिया के लाखों लोगों का योग से जुड़ना बदलते भारत का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुंदेलखंड को पहचान के संकट से नहीं जूझना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे, अवैध खनन करते थे और व्यापारियों तथा बेटियों की सुरक्षा के लिए चुनौती बने हुए थे लेकिन आज प्रदेश में माफिया के लिए कोई जगह नहीं है।

योगी ने कहा कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का सपना देखा था, जो अब पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि पहले बुंदेलखंड पानी की समस्या से जूझता था, जबकि यहां यमुना और बेतवा जैसी नदियां हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में बदलाव आया है और अब जल संकट तथा सिंचाई की समस्या के समाधान पर काम किया जा रहा है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है।

उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में