जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी, हो त्वरित निस्तारण: उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी, हो त्वरित निस्तारण: उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी, हो त्वरित निस्तारण: उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
Modified Date: August 17, 2023 / 11:36 am IST
Published Date: August 17, 2023 11:36 am IST

लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई।

बृहस्पतिवार को अपने राजकीय आवास पर ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आम जन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

एक सरकारी बयान के मुताबिक, ‘जनता दर्शन’ में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 220 लोगों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने सबको आश्वस्त किया कि सबकी समस्या का निस्तारण कराना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने सभी लोगों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत भी दी कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री के समक्ष ‘जनता दर्शन’ में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी खर्च की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

भाषा जफर मनीषा सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में