बसपा सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा पा चुका पन्नालाल जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार

बसपा सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा पा चुका पन्नालाल जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार

बसपा सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा पा चुका पन्नालाल जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार
Modified Date: September 16, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: September 16, 2026 5:07 pm IST

बरेली (उप्र), 16 सितम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश में बरेली अपराध शाखा और भोजीपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जमीन के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में लंबे समय से वांछित पन्नालाल कश्यप को मेरठ से गिरफ्तार किया है जिसे बसपा सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था।

पुलिस के अनुसार पन्नालाल कश्यप को 2007 में बसपा सरकार के दौरान राज्यमंत्री का प्राप्त था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर बरेली जिले में ठगी के दो मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

बरेली के पुलिस अधीक्षक अपराध मनीष सोनकर ने बताया कि पन्नालाल द्वारा किसानों से करोड़ों रुपए की ठगी की गई थी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले इसी गिरोह से जुड़े 35 अन्य आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं तथा पन्नालाल पर बरेली में दो मामले दर्ज हैं जिसमें 54 लाख की ठगी का आरोप है।

उन्होंने बताया कि, 14 सितंबर को अपराध शाखा की टीम ने गुप्त सूचना पर मेरठ-गाजियाबाद मार्ग पर परतापुर मेट्रो स्टेशन के पास शाम करीब साढ़े पांच बजे पन्नालाल कश्यप को गिरफ्तार किया।

सोनकर ने बताया कि उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट, रिवॉल्वर और राइफल के दो लाइसेंस, सफेद रंग की एक राडो घड़ी तथा अन्य निजी सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया और अदालत ने उसे जेल भेज दिया ।

पुलिस के अनुसार बरेली के भोजीपुरा थाने में 2023 में पन्नालाल कश्यप एवं अन्य लोगों के खिलाफ जमीन बेचने के नाम पर 25 लाख और 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मामलों में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज/पहचान के इस्तेमाल, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि इन दोनों मामलों की जांच के दौरान पन्नालाल का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस ने गाजियाबाद में उसके ठिकाने पर दबिश दी थी, लेकिन वह टीम के पहुंचने से पहले वहां से निकल गया था। इसके बाद उसकी संभावित ठिकानों पर निगरानी की गई और मेरठ में उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक भोजीपुरा थाने में 2023 के दो मुकदमों के अलावा गाजियाबाद जिले के थाने में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य मामलों में उसकी भूमिका और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार पन्नालाल कश्यप मूल रूप से गाजियाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र के गढ़ी का रहने वाला है।

पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे भोजीपुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पूछताछ में पन्नालाल ने पुलिस को बताया कि उसने बीटेक और एलएलबी की पढ़ाई की है । पन्नालाल ने पुलिस से कहा कि करीब दो-तीन वर्ष पहले बरेली का एक व्यक्ति कुछ लोगों को जमीन के सौदे के लिए उसके पास लेकर आया था और उसे अच्छे लाभ का लालच दिया था।

पुलिस इस बयान के आधार पर जमीन के सौदों, रकम के लेनदेन और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पन्नालाल 2007 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन बसपा सरकार में भूमि विकास एवं जल संसाधन आयोग का अध्यक्ष (राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त) था।

भाषा सं जफर

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में