मेरठ के आईआईएमटी विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के मामले में विरोध प्रदर्शन जारी
मेरठ के आईआईएमटी विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के मामले में विरोध प्रदर्शन जारी
मेरठ (उप्र), 20 मई (भाषा) मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय के छात्रावास में एमबीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बुधवार देर रात तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
छात्र-छात्राओं तथा परिजनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही और मामले को दबाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया है।
पुलिस के मुताबिक सहारनपुर की निवासी 23 वर्षीय अनु गुप्ता विश्वविद्यालय के डॉक्टर सरोजनी नायडू गर्ल्स छात्रावास में रहकर एमबीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और बुधवार सुबह उसका शव छात्रावास परिसर में मिला था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत के दौरान कहा कि प्रारंभिक जांच में छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों की ओर से घटना की जांच के लिए तहरीर दी गई है और पुलिस उसी आधार पर मामले की जांच कर रही है।
छात्रा की बड़ी बहन तनु ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि सुबह करीब नौ बजे अनु से उनकी बात हुई थी और उसने बताया था कि वह फाइलवर्क पूरा करके शिक्षिका से मिलने जाएगी।
तनु ने बताया कि बाद में अनु का फोन उसके कमरे में रहने वाली छात्रा ने उठाया और बताया कि वह कमरे में नहीं है तथा छात्रावास में एक छात्रा की मौत हुई है।
परिजन का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और अस्पताल में इलाज को लेकर भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
परिजन ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाए गए।
वहीं, छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर के बाहर धरना देते हुए छात्रावास व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवहार पर सवाल उठाए।
बहरहाल, देर शाम तक विश्वविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन जारी रहा।
छात्रों के प्रदर्शन के संबंध में पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं की ओर से पुलिस को कोई मांग पत्र नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं की मांग है कि विश्वविद्यालय के अधिकारी उनसे बात करें।
इस बीच, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉक्टर वी.पी. राकेश ने बयान जारी कर कहा, “आईआईएमटी विश्वविद्यालय के डॉक्टर सरोजनी नायडू गर्ल्स छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही सहारनपुर की निवासी एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा अनु गुप्ता की बुधवार सुबह छात्रावास की इमारत से गिरकर मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में विश्वविद्यालय की ओर से पूर्ण सहयोग किया जा रहा है।”
भाषा सं सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


