सहारनपुर में युवक ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया

सहारनपुर में युवक ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया

सहारनपुर में युवक ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया
Modified Date: September 24, 2026 / 11:16 pm IST
Published Date: September 24, 2026 11:16 pm IST

सहारनपुर (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम आपसी विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से प्रहार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और बाद में उसी हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र प्रताप गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चाहमंजली मोहल्ले की निवासी गजाला (30) की शादी 2011 में कैराना निवासी इरफान (33) से हुई थी।

उन्होंने बताया कि शादी के करीब 14 साल बाद भी संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

गौतम ने बताया कि गजाला की बहन नीलोफर की 21 सितंबर को शादी हुई थी और इरफान अपनी पत्नी के साथ विवाह समारोह में शामिल होने ससुराल आया था।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम जब गजाला अपने भाई सुहेल के कपड़े बैग में रख रही थी जो पंजाब जाने की तैयारी कर रहा था तभी कमरे में पहुंचे इरफान से गजाला की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

गौतम के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर इरफान ने धारदार हथियार से गजाला की गर्दन पर कई वार कर दिए। इसके बाद परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद इरफान ने भी अपनी गर्दन पर वार कर लिया। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गजाला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

नानौता पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं सलीम खारी

खारी


लेखक के बारे में