सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक का निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक का निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक का निधन, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
Modified Date: May 13, 2026 / 10:41 am IST
Published Date: May 13, 2026 10:41 am IST

(तस्वीर सहित)

लखनऊ, 13 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे, अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे।

अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया और मामले की जांच कराई जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि परिवार जो फैसला करेगा उसी के अनुरूप काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक तबीयत खराब होने पर प्रतीक को सुबह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सूत्रों के अनुसार प्रतीक की जब मौत हुई तब अपर्णा उत्तर प्रदेश से बाहर थीं लेकिन घटना की सूचना मिलने पर वह लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं।

सिविल अस्पताल के निदेशक डॉक्टर जी.सी. गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रतीक को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।

गुप्ता ने कहा, ”हमने जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया और मृत्यु की पुष्टि होने के बाद हमने वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया।”

गुप्ता ने एक चैनल से बातचीत में प्रतीक को ‘जहर’ दिये जाने की आशंका वाले अपने बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘मौत के सही कारण की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम से ही हो पाएगी। लिहाजा पोस्टमार्टम होने से पहले किसी भी तरह की आशंका होने के बावजूद कुछ भी कहना सही नहीं होगा।’’

गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्रतीक के घर से उनका एक वाहन चालक मदद मांगने के लिए अस्पताल आया था जिसके बाद एक चिकित्सा अधिकारी को उनके घर भेजा गया था और प्रतीक को तुरंत अस्पताल लाया गया।

यह पूछे जाने पर कि क्या यह रिपोर्ट सही है कि प्रतीक रसोई में बेहोश मिले थे, गुप्ता ने कहा, ”कई तरह की बातें कही जा रही हैं लेकिन मैं पक्के तौर से कुछ नहीं कह सकता।”

इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव सुबह यहां स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और फिर वहां से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) गये जहां प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम हो रहा है।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने कहा कि प्रतीक अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते थे और उनकी मृत्यु बहुत दुखद है।

इस सवाल पर कि क्या प्रतीक की मौत मामले की जांच होनी चाहिये, सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘परिवार जो फैसला करेगा, उसी के अनुरूप काम किया जाएगा।’’

यादव ने कहा कि उन्होंने करीब दो महीने पहले प्रतीक से मुलाकात की थी और उस समय उन्होंने उनसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपना कारोबार आगे बढ़ाने को कहा था।

उन्होंने कारोबारी नुकसान की तरफ भी इशारा करते हुए कहा, ”कभी-कभी वित्तीय या जो कारोबार में नुकसान होता है उससे कई बार लोग बहुत दुखी हो जाते हैं।”

सूत्रों के अनुसार प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे।

प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

‘फिटनेस’ के शौकीन प्रतीक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सियासत से दूर रहते थे। हालांकि प्रतीक की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव भाजपा में शामिल हो गई थीं और वर्तमान में वह राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक ने पत्नी अपर्णा यादव पर अपने पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह जल्द से जल्द अपनी पत्नी से तलाक ले लेंगे।

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट में प्रतीक ने अपर्णा को ‘स्वार्थी’ और ‘परिवार तोड़ने वाली’ करार देते हुए उन पर शोहरत के पीछे भागने का आरोप भी लगाया था।

हालांकि, 28 जनवरी को उन्होंने एक बार फिर अपनी पत्नी के साथ सुलह का ऐलान करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था, ’19 जनवरी को मेरी पत्नी अपर्णा के साथ मेरा गंभीर विवाद हुआ था जिसके बाद मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट किए थे। लेकिन, अब आपसी बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया है और हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं है।’

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में अपर्णा के साथ अपना एक वीडियो भी साझा किया था।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’

भाषा सलीम शोभना शोभना

शोभना


लेखक के बारे में