एसबीआई प्रबंधक पर ग्राहकों के पैसों का गबन करने का मामला दर्ज

Ads

एसबीआई प्रबंधक पर ग्राहकों के पैसों का गबन करने का मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 07:35 PM IST

भदोही, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गोधना शाखा के प्रबंधक ने पूर्व प्रबंधक के खिलाफ खाता धारकों के पैसों का गबन करने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया की एसबीआई की गोधना शाखा के प्रबंधक अमित कुमार की तरफ से इसी शाखा की पूर्व प्रबंधक मधु सिंह के खिलाफ मंगलवार को दी गई तहरीर के आधार पर ऊंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया की मौजूदा शाखा प्रबंधक अमित कुमार का आरोप है कि पूर्व प्रबंधक मधु सिंह ने अपने कार्यकाल में कुछ पर्सनल लोन खाताधारकों के खाते बंद किए और बाद में उन खातों में बची हुई रकम इसी बैंक के खाताधारक लाल बहादुर सिंह के खाते में अंतरित कर दी।

त्यागी के मुताबिक, मामले का खुलासा आठ अगस्त 2025 को बैंक में ऑडिट के दौरान हुआ।

उन्होंने बताया की बैंक की धोखाधड़ी जांच समिति ने इस मामले की जांच करके छह अक्टूबर 2025 को अपनी रिपोर्ट में मधु सिंह को 34,137 रुपये लाल बहादुर सिंह के खाते में अंतरित करने का दोषी पाया।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल