मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में उप्र में कई शिकायतें दर्ज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में उप्र में कई शिकायतें दर्ज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में उप्र में कई शिकायतें दर्ज
Modified Date: March 9, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: March 9, 2026 10:34 pm IST

लखनऊ/बलरामपुर/बलिया/अलीगढ़, नौ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बिहार के एक मौलवी के खिलाफ सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में ताजा शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि पुलिस ने कहा कि बलरामपुर जिले में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है।

बलिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने बांसडीह कोतवाली थाने में मौलवी मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज करायी।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत सोमवार को मिली और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिंह ने कहा, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री की मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एक लिखित शिकायत सौंपी है। मामले की जांच की जा रही है।’

एक अन्य घटनाक्रम में, अलीगढ़ जिले के खैर से भाजपा विधायक सुरेंद्र दिलेर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मौलवी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अपने पत्र में दिलेर ने आरोप लगाया कि सलीम की टिप्पणियों की एक वीडियो क्लिप – जिसमें कुछ हिंदू धार्मिक प्रथाओं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां शामिल हैं – सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं और इससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

उन्होंने पुलिसआरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया। इससे पहले, बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर बिहार के एक मौलाना के खिलाफ बलरामपुर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने सोमवार को बताया कि यह मुकदमा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा की तहरीर पर दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मिश्रा द्वारा पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम ने एक मजहबी जलसे के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता को लेकर आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी की।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक तहरीर में मौलाना सलीम पर गौकशी से संबंधित कानून के खिलाफ अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को उकसाने का भी आरोप लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उप्र राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने राष्टरीय महिला आयोग की अध्यक्ष को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ कथित टिप्पणी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस विवाद के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।

रविवार को बलरामपुर, बस्ती, सीतापुर और कानपुर सहित जिलों में प्रदर्शन हुए, जहां कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने नारे लगाए और मौलवी की गिरफ्तारी की मांग की। लखनऊ में हजरतगंज थाने में शिकायत दी गई और प्रदर्शनकारियों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मौलवी का पुतला भी जलाया। कई समूहों ने कार्रवाई नहीं होने पर 11 मार्च को राज्य की राजधानी में बड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने भी टिप्पणी की निंदा की ।

पुलिस ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं और विभिन्न जिलों में प्राप्त शिकायतों की जांच कर रहे हैं।

भाषा

सं, सलीम, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में