उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कमी से कार्य प्रभावित, अधिकारियों का दावा: कहीं कोई कमी नहीं
उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कमी से कार्य प्रभावित, अधिकारियों का दावा: कहीं कोई कमी नहीं
लखनऊ/वाराणसी/सुल्तानपुर (उप्र), 14 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित तौर पर कमी के चलते प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मंदिर में प्रसाद वितरण कार्य प्रभावित हुआ है, लेकिन अधिकारियों ने कहीं कोई कमी नहीं होने का दावा करते हुए जमाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर गिरी महाराज ने बताया कि अन्नपूर्णा मंदिर में गैस सिलेंडर की कमी की वजह से अन्न क्षेत्र में श्रद्धालुओं को प्रसाद देने पर संकट छा गया है।
उन्होंने कहा कि पहले गैस एजेंसी वाले एक-दो गैस सिलेंडर दे रहे थे, दो-तीन दिन से वह भी बंद है।
उन्होंने कहा कि मंदिर के दो ‘यूनिट’ में से एक यूनिट आज सुबह से बंद है तथा दूसरी यूनिट भी लगभग बंद होने के कगार पर है, ऐसे में श्रद्धालुओं को प्रसाद नहीं मिल पा रहा है।
गिरी ने बताया कि तमाम अधिकारियों के फोन भी आए हैं कि आपको गैस सिलेंडर मिलेगा पर अभी तक कोई गैस सिलेंडर नहीं मिला है।
गिरी ने बताया कि 20 से 25 हजार लोगों को प्रतिदिन अन्नपूर्णा मंदिर में प्रसाद दिया जाता था लेकिन आज लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं के लिए ही प्रसाद की व्यवस्था हो पाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम प्रसाद की व्यवस्था कर पाने में सक्षम नहीं है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मंत्री रवींद्र जायसवाल और वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शहर में एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा के लिए एक बैठक की। बैठक के बाद, जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है । उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर प्रबंधन ने शुक्रवार को हुई बैठक में इस मुद्दे को नहीं उठाया था।
उन्होंने कहा कि मंदिर को जल्द ही एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन उन लोगों पर नजर रख रहा है जो कमी के बारे में अफवाहें फैला रहे हैं।
जायसवाल ने कहा कि एलपीजी की कमी की अफवाहों के कारण घबराहट में की गई खरीदारी के चलते कई उपभोक्ताओं ने अतिरिक्त सिलेंडरों का स्टॉक कर लिया है, जिससे आपूर्ति में अस्थायी समस्याएं पैदा हो गई हैं।
सुलतानपुर जिले के गोसैसिंहपुर स्थित आकांक्षा गैस एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने एजेंसी प्रोपराइटर के घर छापा मारा।
सुलतानपुर के जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एजेंसी प्रोपराइटर के दोस्तपुर स्थित घर से छह भरे हुए बड़े गैस सिलेंडर, दो भरे हुए छोटे सिलेंडर और 36 खाली सिलेंडर बरामद हुए। कुल 44 सिलेंडर जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि इन सिलेंडरों की अवैध रूप से कालाबाजारी की जा रही थी।
आपूर्ति निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि छापे के दौरान मौके से मनीष कुमार को हिरासत में लिया गया ।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर जिले में प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्यवाही में एक गैस एजेंसी से लगभग एक हजार व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिले हैं जिनमें से सिर्फ 14 सिलेंडर भरे हुए हैं, बाकी खाली हैं। यहां रिफिलिंग के 32 यंत्र और एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करने वाले तीन पाइप भी मिले हैं।
शनिवार को खुर्जा की उपजिलाधिकारी और जिला आपूर्ति अधिकारी की अगुवाई में संयुक्त टीम ने खुर्जा देहात क्षेत्र के अगोरा अमीरपुर में एक गैस एजेंसी पर छापा मारा। वहां लगभग एक हजार खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिले हैं।
खुर्जा की उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा पांडेय ने बताया कि शिकायत मिली थी जिसके क्रम में उनके द्वारा और आपूर्ति विभाग द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


