पुलिस को भटकाने के लिए सड़क पर 100-100 रुपये के नोट उड़ाए, मुठभेड़ के बाद तस्कर गिरफ्तार

पुलिस को भटकाने के लिए सड़क पर 100-100 रुपये के नोट उड़ाए, मुठभेड़ के बाद तस्कर गिरफ्तार

पुलिस को भटकाने के लिए सड़क पर 100-100 रुपये के नोट उड़ाए, मुठभेड़ के बाद तस्कर गिरफ्तार
Modified Date: June 3, 2026 / 08:58 am IST
Published Date: June 3, 2026 8:58 am IST

सोनभद्र (भाषा), तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस से बचने के लिए मादक पदार्थ तस्करों ने फिल्मी अंदाज में अपनी तेज रफ्तार कार से 100-100 रुपये के नोट सड़क पर फेंककर ध्यान भटकाने की कोशिश की, लेकिन उनका यह दांव नाकाम रहा। पुलिस ने पीछा जारी रखा और मुठभेड़ के बाद एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात सोनभद्र के एक राजमार्ग पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, वाहन जांच के दौरान एक होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने इसकी अनदेखी करते हुए कार तेज रफ्तार से भगा दी। इसके बाद विशेष अभियान दल (एसओजी) के जवानों ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि भागने के दौरान तस्करों ने एसओजी के सरकारी वाहन और एक निजी वाहन को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

वर्मा ने बताया कि इसके बाद स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने पुलिस की मदद के लिए अपनी कार उपलब्ध कराई, जिसके बाद दोबारा पीछा शुरू किया गया।

पुलिस का ध्यान भटकाने की कोशिश में कार सवार लोगों ने सड़क पर 100-100 रुपये के नोट फेंकने शुरू कर दिए।

वर्मा ने कहा, ‘‘आरोपियों ने चलती कार से नोट फेंककर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद पीछा बिना रुके जारी रहा।’’

आखिरकार पुलिस ने चोपन क्षेत्र में वाहन को घेर लिया।

उन्होंने बताया कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लुधियाना निवासी 27 वर्षीय प्रिंस घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाश में तीन किलोग्राम अफीम और 225 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49 लाख रुपये है।

पुलिस ने होंडा सिटी कार, 50 हजार रुपये, एक देसी तमंचा और एक खोखा बरामद किया है। कुल बरामदगी का मूल्य 58.75 लाख रुपये आंका गया है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि वह झारखंड से पंजाब तक मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है और पहले भी कई बार ऐसी खेप पहुंचा चुका है।

पुलिस अधीक्षक ने सफल कार्रवाई के लिए एसओजी टीम को 20 हजार रुपये और अपना वाहन उपलब्ध कराने वाले प्रदीप कुमार मोदनवाल को 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में