तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये से ज्यादा की स्मैक बरामद

Ads

तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये से ज्यादा की स्मैक बरामद

  •  
  • Publish Date - October 17, 2021 / 04:30 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:59 PM IST

बरेली (उत्तर प्रदेश), 17 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। उनसे सात लाख रुपये से ज्यादा की नकदी भी बरामद की गयी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) राजकुमार अग्रवाल ने रविवार को बताया कि सूचना के आधार पर शनिवार रात बहेड़ी इलाके में उस्मान अली और यूसुफ शाह नामक तस्करों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से एक किलो 180 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जाती है। उनके पास से सात लाख 40 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि उस्मान के खिलाफ बरेली और मुरादाबाद तथा राजस्थान के भी कई जिलों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। वह बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है।

अग्रवाल ने बताया कि उस्मान अली अपनी स्कूटी में स्मैक छिपाकर बहेड़ी में मोहम्मद यूसुफ उर्फ हाफिज को देने लाया था। इस स्मैक को उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, हल्द्वानी तथा नैनीताल भेजा जाना था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

भाषा सं सलीम वैभव

वैभव