सपा प्रमुख का बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन : पंकज चौधरी

सपा प्रमुख का बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन : पंकज चौधरी

सपा प्रमुख का बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन : पंकज चौधरी
Modified Date: February 23, 2026 / 11:42 pm IST
Published Date: February 23, 2026 11:42 pm IST

लखनऊ, 23 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि अखिलेश का यह विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक है।

सपा प्रमुख ने दोनों उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का नाम लिए बिना रविवार को सीधे संकेत देते हुए कहा कि ”आज जब मुख्‍यमंत्री देश के बाहर दौरे पर गये हैं तो हम यह मौका दे रहे हैं कि 100 विधायकों को लेकर आओ और मुख्‍यमंत्री बन जाओ।”

भाजपा के राज्य मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा दोनों उपमुख्यमंत्री को 100 विधायक लाकर मुख्यमंत्री बनाने संबंधी दिए गए बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि “उनका यह बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, जहां लगातार जनाधार घट रहा है और संगठन कमजोर होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन, संगठन और नेतृत्व की स्पष्ट व्यवस्था है, जबकि सपा में केवल परिवारवाद और अंतर्कलह ही दिखाई देता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने पूर्ण बहुमत देकर भाजपा की सरकार को जनसेवा के लिए चुना है। भाजपा सरकार विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के बेतुके और राजनीतिक रूप से अपरिपक्व बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया को यह समझना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को ही स्वीकार करती है।

भाषा

आनन्द

रवि कांत


लेखक के बारे में