मतदाता सूची की खामियां दूर करने के लिये पूरे उप्र में चलाया जाए विशेष अभियान : सपा

मतदाता सूची की खामियां दूर करने के लिये पूरे उप्र में चलाया जाए विशेष अभियान : सपा

मतदाता सूची की खामियां दूर करने के लिये पूरे उप्र में चलाया जाए विशेष अभियान : सपा
Modified Date: April 20, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: April 20, 2026 9:05 pm IST

लखनऊ, 20 अप्रैल (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी सूची में खामियां होने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एक विशेष अभियान चलाकर सूची को त्रुटि रहित बनाने की मांग की है।

सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने सोमवार को यहां बताया कि पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर मतदाता सूची में व्याप्त खामियों को एक विशेष अभियान चलाकर दूर करने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि 166 दिनों तक चलाई गई एसआईआर प्रक्रिया के बाद भी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर ‘डुप्लीकेट मतदाता’ होने के साथ-साथ कई स्थानों पर एक मतदाता का नाम चार-चार बार दर्ज है, जो आयोग द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता एवं त्रुटि रहित बनाने के दावे पर कई तरह के सवाल खड़े करता है।

चौधरी ने बताया कि सपा ने मांग की है कि मतदाता सूची की खामियों को दूर करने के लिये राज्य के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए ताकि अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हो सकें।

उन्होंने रायबरेली, बाराबंकी, बस्ती, फर्रुखाबाद और झांसी में मतदाता सूची में हुई कथित गड़बड़ियों का ब्यौरा भी दिया।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में