महापुरुषों की निर्माणाधीन प्रतिमाएं 15 अगस्त तक हर हाल में पूरी करें : जयवीर सिंह
महापुरुषों की निर्माणाधीन प्रतिमाएं 15 अगस्त तक हर हाल में पूरी करें : जयवीर सिंह
लखनऊ, 19 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राष्ट्रनायकों और महापुरुषों की निर्माणाधीन सभी प्रतिमाएं आगामी 15 अगस्त तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर राज्य संग्रहालय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद मूर्ति निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने यह निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने पाश्चात्य मूर्तिकला वीथिका का लोकार्पण और संग्रहालय की पुरातत्व पत्रिका-2026 का विमोचन भी किया।
जयवीर सिंह ने कहा कि संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ वस्तुएं हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है एवं ऐतिहासिक धरोहर है और इन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिया कि मूर्तियों की वर्तमान स्थिति पर रिपोर्ट दी जाए और सभी प्रस्तावित मूर्तियों के संबंध में एक सप्ताह में कार्यालय आदेश जारी हों। साथ ही यह भी बताया जाए कि कितनी मूर्तियां बनकर तैयार हैं और किन-किन जिलों से स्थापना के प्रस्ताव आए हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि महाराणा प्रताप की 12.5 फीट ऊंची दो अश्वारोही प्रतिमाएं और सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार हो चुकी है। पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फीट ऊंची प्रतिमा का काम जारी है।
भाषा आनन्द राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


