छात्रा ने परीक्षा के तनाव के कारण आत्महत्या की
छात्रा ने परीक्षा के तनाव के कारण आत्महत्या की
सुलतानपुर (उप्र), 18 फरवरी (भाषा) सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में इंटरमीडिएट की एक छात्रा ने कथित रूप से परीक्षा के तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना रामपुर बाबुआन गांव की है, जहां छात्रा का शव घर में फंदे से लटकता मिला। बुधवार से उसकी 12वीं की परीक्षाएं शुरू होनी थीं।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान जग नारायण यादव की 17 वर्षीय बेटी लक्ष्मी सेन के रूप में हुई है। वह अयोध्या जिला स्थित गायत्री विद्या मंदिर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी पिछले कुछ दिनों से परीक्षा को लेकर तनाव में थी।
मंगलवार रात लक्ष्मी पढ़ाई करने की बात कहकर अपने कमरे में गई थी। जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर लक्ष्मी का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
क्षेत्राधिकारी (बल्दीराय) आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक

Facebook


