चंदौली में गौ-तस्करी के आरोप में निलंबित आरक्षी आंबेडकर नगर से गिरफ्तार

चंदौली में गौ-तस्करी के आरोप में निलंबित आरक्षी आंबेडकर नगर से गिरफ्तार

चंदौली में गौ-तस्करी के आरोप में निलंबित आरक्षी आंबेडकर नगर से गिरफ्तार
Modified Date: April 13, 2026 / 07:06 pm IST
Published Date: April 13, 2026 7:06 pm IST

चंदौली (उप्र), 13 अप्रैल (भाषा) चंदौली जिले में कथित तौर पर गौ-तस्करों से साठगांठ और उनकी मदद करने के आरोप में निलंबित और संबंधित मुकदमे में वांछित आरक्षी को पुलिस ने आंबेडकर नगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल ने सोमवार को बताया कि चंदौली सदर कोतवाली एवं इलिया थाने की संयुक्त टीम ने निलंबित आरक्षी सत्‍येन्‍द्र यादव को रविवार को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि जिले के इलिया थाने में गौ-तस्करी का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर श्याम बाबू पकड़ा गया था।

पटेल के अनुसार जांच में सामने आया कि श्याम बाबू और आरक्षी सत्येन्द्र यादव लगातार संपर्क एक-दूसरे के संपर्क में थे।

एसपी ने बताया कि यह भी सामने आया था कि सत्येन्द्र यादव जिले में अपनी तैनाती के दौरान कई अन्य गौ-तस्करों को भी पुलिस की गतिविधियों एवं गश्त के समय सुरक्षित रास्तों की जानकारी उपलब्ध कराता था।

उन्‍होंने यह भी बताया कि यादव पर पहले भी सैयदराजा थाने में गौ-तस्करों का सहयोग करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज हुआ था।

उन्होंने कहा कि श्याम बाबू से पूछताछ में सत्येन्द्र यादव के अम्बेडकर नगर में होने का पता चला था।

उन्होंने बताया कि सत्येंद्र ने इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत से अंतरिम जमानत ले रखी थी।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में