गाजियाबाद प्रशासन और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच बातचीत बेनतीजा, एक मार्च को महापंचायत होगी
गाजियाबाद प्रशासन और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच बातचीत बेनतीजा, एक मार्च को महापंचायत होगी
गाजियाबाद (उप्र), 20 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद प्रशासन और प्रदर्शनकारी किसानों, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेताओं के बीच शुक्रवार को करीब दो घंटे चली बातचीत बेनतीजा रही।
दोपहर में हुई बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर, पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। ग्रामीण लोनी के मीरपुर हिंदू गांव में कूड़ाघर हटाने की मांग पर अड़े रहे।
विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में मोनू, उमेश, रवींद्र त्यागी, चेतन समेत सौ से अधिक अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि एक मार्च को भाकियू के सहयोग से महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें 16 गांवों के लोग हिस्सा लेंगे।
भाकियू नेता राकेश टिकैत इस महापंचायत को संबोधित करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि 2014 में केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह द्वारा गांव गोद लेने के बावजूद भूजल अब भी दूषित है। हवा की नमी से पेयजल बनाने के लिए लगाया गया विशेष संयंत्र भी एक दिन नहीं चला।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि “खोखले वादों” पर भरोसा नहीं किया जा सकता और मौजूदा समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
भाकियू के राज्य सचिव प्रवीण मलिक ने अधिकारियों से कहा कि संगठन स्थानीय लोगों की मांगों के अनुरूप आगे की रणनीति तय करेगा।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


