सर्राफा कारोबारी के पौत्र के अपहरण और हत्या मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
सर्राफा कारोबारी के पौत्र के अपहरण और हत्या मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
गोरखपुर (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) गोरखपुर में एक सर्राफा व्यवसायी के 10 वर्षीय पोते के अपहरण और हत्या के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कम्प्यूटर शिक्षक ने 36 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए यह साजिश रची थी और पीड़ित के परिवार से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
सर्राफा व्यवसायी लक्ष्मी नारायण वर्मा का पोता और चौथी कक्षा का छात्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद लापता हो गया था।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में वैभव अपने पड़ोसी सर्वेश उर्फ बिट्टू भट्ट के साथ जाता हुआ दिखा, जिसके बाद भट्ट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह लगभग 36 लाख रुपये के कर्ज के कारण भारी आर्थिक तनाव में था।
पुलिस के अनुसार सर्वेश ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले जबरन वसूली के तरीकों के बारे में जानकारी जुटाई और फिरौती के मकसद से व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कंबोडिया का मोबाइल नंबर ऑनलाइन खरीदा।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने बच्चे को लालच देकर बुलाया और पास के खेत में ले जाकर कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया और फिर शव को एक बोरी में भरकर अपने घर के बेसमेंट में छिपा दिया।
उन्होंने बताया कि बाद में सर्वेश ने परिवार को फोन करके फिरौती के तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश पुरी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें मामले से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस ने बताया कि बच्चे का शव मंगलवार को बरामद किया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


