रक्षा मंत्री ने किया देश के पहले सैन्य चिकित्सा विभाग का उद्घाटन
रक्षा मंत्री ने किया देश के पहले सैन्य चिकित्सा विभाग का उद्घाटन
लखनऊ, 29 जुलाई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लखनऊ में सेना की मध्य कमान में स्थित कमांड हॉस्पिटल में देश के पहले सैन्य चिकित्सा विभाग का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया और कहा कि इससे सुरक्षा तथा युद्ध के मैदान से जुड़ी नयी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।
सैन्य चिकित्सा सेवा महानिदेशालय के तहत स्थापित यह विभाग सैन्य चिकित्सा पर पूरी तरह से केंद्रित देश का पहला समर्पित संस्थान है। इसकी स्थापना का मकसद अनुसंधान, स्वदेशी सिद्धांत विकसित करने और भविष्य के युद्धक्षेत्रों व मानवीय संकटों के समय मदद करना है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार सिंह ने उद्घाटन समारोह को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि किसी देश की संप्रभुता और प्रगति अंतत: उसकी सशस्त्र सेनाओं की ताकत और मनोबल पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि नया विभाग सैनिकों के लिए बेहतर मेडिकल सहयोग सुनिश्चित करके और सैन्य अभियान के दौरान समय पर इलाज मिलने का भरोसा दिलाकर राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगा।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


