उप्र : बरेली में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद तनाव

उप्र : बरेली में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद तनाव

उप्र : बरेली में आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद तनाव
Modified Date: September 1, 2026 / 04:26 pm IST
Published Date: September 1, 2026 4:26 pm IST

बरेली, एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के भिलैया गांव में मंगलवार को अज्ञात उपद्रवियों द्वारा डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा कथित तौर पर क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

बहेड़ी थाना क्षेत्र के इस गांव के आंबेडकर पार्क में यह घटना हुई। बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा क्षतिग्रस्त पाया।

उन्होंने बताया कि गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा जमीन पर यह पार्क स्थित है। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी गांव पहुंचे तथा घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए ग्रामीणों से बातचीत की।

बहेड़ी के थाना प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस की एक टीम मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शर्मा ने कहा, ‘‘जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर गांव में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और घटना को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कारण नहीं बनने देने की अपील की है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में