उप्र सरकार सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर सख्त, जीवन बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने की मुहिम
उप्र सरकार सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर सख्त, जीवन बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने की मुहिम
लखनऊ, दो जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने और नागरिकों में जिम्मेदार ड्राइविंग की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से अभियान चलाए जा रहे हैं। मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार सड़क पर लोगों के जीवन और सम्पत्ति की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है, इसलिए परिवहन विभाग ने अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया तथा महज सात दिन में बड़े स्तर पर कार्रवाई की।
परिवहन विभाग के अनुसार, राज्य में विशेष अभियान के दौरान नियमों का पालन न करने पर 20 से 26 मई तक 57,186 चालान किए गए जबकि 2,669 वाहनों को जब्त कर लिया गया।
विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान हेलमेट न लगाने वालों के विरूद्ध 23,758 चालान काटे गए तथा सीट बेल्ट न लगाने पर 9,083 चालान काटे गए। सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट और सीट बेल्ट की जान बचाने में अहम भूमिका होती है।
विभाग के अनुसार ड्राइविंग के दौरान मोबाइल उपयोग करने वाले 3,676 लोगों पर कार्रवाई की गई।
बयान में कहा गया है कि विभाग ने सड़क हादसों को रोकने के लिए अनधिकृत बसों पर भी कार्रवाई की। प्रदेशभर में ऐसी 1,502 बसों का चालान काटा गया और 400 से अधिक को जब्त किया गया।
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार

Facebook


