मरीज के तीमारदारों से झड़प के बाद एएमयू के तीन रेजिडेंट डॉक्टर निलंबित

मरीज के तीमारदारों से झड़प के बाद एएमयू के तीन रेजिडेंट डॉक्टर निलंबित

मरीज के तीमारदारों से झड़प के बाद एएमयू के तीन रेजिडेंट डॉक्टर निलंबित
Modified Date: May 7, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: May 7, 2026 4:57 pm IST

अलीगढ़ (उप्र), सात मई (भाषा) अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इस हफ्ते की शुरुआत में मरीजों के तीमारदारों के साथ हुई झड़प के बाद तीन रेजिडेंट डॉक्टरों को निलंबित करके उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वहीं, अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार शाम को चिकित्सकों मोहम्मद तलहा खुर्शीद, शावेज और अकील हुसैन को निलंबित कर दिया।

एएमयू के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई शबाना बेगम नामक एक मरीज के परिवार की शिकायत के बाद की गई।

उन्होंने बताया कि परिवार ने आरोप लगाया था कि मंगलवार देर रात कहा-सुनी के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों के एक समूह ने उनकी पिटाई की थी।

पुलिस ने बताया कि सिविल लाइंस थाने में तीनों चिकित्सकों के खिलाफ के खिलाफ बलवा करने, मारपीट करने, चोट पहुंचाने, धमकी देने और तोड़फोड़ करने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर नावेद खान ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि निलंबित चिकित्सकों को जांच पूरी होने तक विश्वविद्यालय परिसर से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है।

हालांकि, रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने निलंबित किए गए रेजिडेंट डॉक्टरों पर लगाए गए आरोपी को गलत बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई को ‘एकतरफा’ बताया।

एसोसिएशन ने घोषणा की कि वह निलंबन और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगा।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में