कासगंज में तीर्थयात्रियों के वाहन की ट्रक से टक्कर में तीन की मौत, 23 घायल
कासगंज में तीर्थयात्रियों के वाहन की ट्रक से टक्कर में तीन की मौत, 23 घायल
कासगंज/एटा (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) कासगंज जिले में सोमवार तड़के तीर्थयात्रियों को ले जा रहे एक वाहन की लोडर ट्रक से आमने-सामने से हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 23 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब चार बजे कासगंज-सिकंदराराऊ मार्ग पर मोहनपुरा गांव के पास हुआ। राजस्थान के करौली जिले के एक ही परिवार के करीब 26 लोग पिकअप वाहन से सोरोंजी में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे।
टक्कर में पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में आठ पुरुष, आठ महिलाएं और सात बच्चे शामिल हैं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से छह गंभीर घायलों को अलीगढ़ के एक उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
कासगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
उन्होंने कहा, ‘परिवार अस्थि विसर्जन के लिए करौली से सोरोंजी जा रहा था। पिकअप में 26 लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। करीब आधा दर्जन गंभीर घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है।’
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द वैभव
वैभव

Facebook


