बांदा (उप्र), तीन अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कों और एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चित्रकूट पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि चित्रकूट जिले में शुक्रवार को हल्की बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में झुलसकर दो नाबालिग लड़कों और एक अधेड़ महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लड़के गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की पहली घटना में भरतकूप थाना क्षेत्र के पतौड़ा गांव के मजरा रजौली पुरवा में घटी, जहां बकरियां चरा रहे विकास (13), करन (13), नीरज (10) और सुमित (12) झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां झुलसे विकास और करन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि नीरज और सुमित का इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की दूसरी घटना में रैपुरा थाना क्षेत्र के कुई कला गांव की महिला रजपतिया (50) की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि सूचना राजस्व अधिकारियों को दे दी गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा सके।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष