नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) निर्माण क्षेत्र को सॉफ्टवेयर समाधान मुहैया कराने वाली कंपनी नेमेटशेक ग्रुप ने भारत में उन्नत डिजिटल इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के लिए पिनेकल इन्फोटेक सॉल्यूशंस के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
जर्मनी की कंपनी नेमेटशेक वास्तुकला, इंजीनियरिंग, निर्माण एवं संचालन के अलावा मीडिया उद्योगों के लिए सॉफ्टवेयर समाधान प्रदान कराती है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस एमओयू का उद्देश्य भारतीय निर्माण क्षेत्र में अगली पीढ़ी के डिजिटल परिवर्तन को गति देना है।
इस समझौते के तहत, नेमेटशेक के सभी सॉफ्टवेयर ब्रांड जैसे ब्लूबीम, ऑलप्लान, आर्किचैड, डीट्विन आदि को पिनेकल की डिजिटल इंजीनियरिंग सेवाओं में एकीकृत किया जाएगा।
नेमेटशेक इंडिया के प्रबंध निदेशक आलोक शर्मा ने कहा, ‘भारत और वैश्विक निर्माण बाजार एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं, जहां खासकर ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए डिजिटल प्रौद्योगिकियों को अपनाना अब विकल्प न होकर बेहद जरूरी हो गया है।’
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम