सहारनपुर में सड़क पर भड़काऊ नारे लिखने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोग गिरफ्तार
सहारनपुर में सड़क पर भड़काऊ नारे लिखने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोग गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र),13 मार्च (भाषा) पुलिस ने सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे बिहारीगढ़ इलाके में सड़क पर ‘‘आपत्तिजनक नारे लिखकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश’’ करने के आरोप में दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को बृहस्पतिवार शाम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के किनारे बिहारीगढ़ इलाके में सड़क पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी।
उसने बताया कि इस प्रयास को विफल कर दिया गया और मामले की जांच से पता चला कि इसमें शामिल लोग हिंदू रक्षा दल से जुड़े थे।
पुलिस ने शांति भंग हो सकने और दंगों की आशंका के कारण कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार की शाम को दो युवतियों सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उन पर दंगे भड़काने की साजिश रचने का आरोप है।
बिहारीगढ़ थाने के प्रभारी अक्षय शर्मा ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन आरोपियों की पहचान देहरादून निवासियों सुलेखा, शारदा और जितेंद्र राघव के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का एक वीडियो 26 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें ये लोग सड़क पर आपत्तिजनक नारे लिखने के लिए ‘स्प्रे पेंट’ का इस्तेमाल करते नजर आ रहे थे। उस समय, ‘हिंदू रक्षा दल’ से जुड़े व्यक्तियों ने इस कृत्य की जिम्मेदारी ली थी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक कर्मचारी ने बिहारीगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
भाषा सं जफर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


