गोरखपुर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरायी, तीन युवकों की मौत

गोरखपुर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरायी, तीन युवकों की मौत

गोरखपुर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार टकरायी, तीन युवकों की मौत
Modified Date: April 27, 2026 / 06:24 pm IST
Published Date: April 27, 2026 6:24 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के गोला क्षेत्र में एक कार के गेहूं से लदी खड़ी ट्रैक्टर—ट्रॉली से जा टकराने की घटना में उस पर तीन युवकों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गोला थाना क्षेत्र के कोहरी बुजुर्ग गांव में रविवार देर रात गोला थाना क्षेत्र में बड़हलगंज से गोला की ओर जा रही एक कार सड़क किनारे गेहूं से लदी खड़ी एक ट्रैक्टर—ट्रॉली से जा टकरायी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा ट्रॉली में बुरी तरह फंस गया, जिससे अंदर बैठे लोग उसी में फंसकर रह गए।

सूत्रों ने बताया कि एयरबैग खुलने के बावजूद गाड़ी का ढांचा बुरी तरह पिचककर उन पर गिर जाने के कारण वे लोग अंदर ही फंसे रहे।

उन्होंने बताया कि जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मलबे में फंसे लोगों को मशीन के जरिये बाहर निकाला गया लेकिन तब तक कार चालक कुणाल यादव (20) और उनके बगल में बैठे अमन उर्फ अजय यादव (21) की मौत हो चुकी थी।

सूत्रों ने बताया कि पीछे की सीट पर बैठे अंकुर उर्फ प्रसून यादव (22) ने गोरखपुर स्थित एम्स ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

परिजन के अनुसार, कुणाल इंटरमीडिएट का छात्र था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि अमन और अंकुर किसान परिवारों से ताल्लुक रखते थे।

कार के मालिक पुष्कर यादव ने बताया कि अंकुर ने रात करीब आठ बजे अपने पिता की तबीयत खराब होने का हवाला देकर गाड़ी उधार ली थी।

थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दोनों गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा सं. सलीम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में