अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किसानों के सर्वश्रेष्ठ हित में है : शिवराज
अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किसानों के सर्वश्रेष्ठ हित में है : शिवराज
मथुरा (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता भारतीय किसानों के सर्वश्रेष्ठ हित में है और उनके हित पूरी तरह सुरक्षित किये गये हैं।
यहां गोवर्द्धन पहाड़ी की परिक्रमा करने आए चौहान ने संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह भारतीय किसानों के हितों से कभी समझौता नहीं होने देते।
उन्होंने कहा, ”यह समझौता राष्ट्रीय हित में है। किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है।”
इस समझौते को ‘कूटनीति, विकास और गरिमा’ का उदाहरण बताते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि कूटनीति का मतलब ‘राष्ट्र प्रथम’ है। विकास का मतलब भारत की वृद्धि को तेज करने के लिए ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाना है और गरिमा का मतलब किसानों के सम्मान और गौरव की पूरी सुरक्षा है।
उन्होंने कहा कि यह समझौता किसानों, महिलाओं और युवाओं की आकांक्षाओं को ‘नई उड़ान’ देगा, जिससे वे प्रगति और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकेंगे।
चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता इस समझौते पर केवल विलाप कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के समय भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में छठे स्थान पर थी। विपक्ष के शासनकाल में यह 11वें स्थान पर खिसक गई थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।’’
कृषि मंत्री ने किसी का नाम लिए बगैर विपक्षी नेताओं की ‘विदेशी धरती पर राष्ट्र की आलोचना करने’ के लिए आलोचना की।
चौहान ने कहा, ‘‘मोदी और भाजपा का विरोध करते-करते उन्होंने अब राष्ट्र का विरोध करना शुरू कर दिया है। हमारे लिए राष्ट्र पहले आता है, मगर उनके लिए राजनीति पहले आती है।’’
कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रमुख कृषि उत्पादों पर कोई समझौता नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कृषि मंत्री के तौर पर मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यह समझौता किसानों के हित में है। हमारे किसानों द्वारा उगाया गया कोई भी उत्पाद सुरक्षित है।’’
चौहान ने स्पष्ट किया कि गेहूं और धान जैसे प्रमुख खाद्यान्न इस समझौते के तहत आयात नहीं किये जाएंगे। उन्होंने कहा, ”अगर आप सूची देखेंगे तो सभी प्रमुख अनाज शामिल हैं। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। मैं पूरी सूची जारी करूंगा।”
चौहान ने आगे कहा कि दूध, दही, छाछ, मक्खन और दूध पाउडर सहित डेरी उत्पादों का आयात नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारतीय किसानों को अमेरिका और 27 यूरोपीय देशों सहित बड़े वैश्विक बाजारों तक पहुंच मिलेगी। इससे भारत का निर्यात बढ़ेगा और किसानों की आय भी बढ़ेगी।’
चौहान ने कहा कि विनायक दामोदर सावरकर को ‘भारत रत्न’ पुरस्कार दिया जाना चाहिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान मथुरा के एक दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने गोवर्द्धन में दान घाटी मंदिर में पूजा-अर्चना की और गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा की।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज

Facebook


