मेरठ में गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मेरठ में गोकशी के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मेरठ, एक सितंबर (भाषा) मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में गोकशी के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि गोकशी के मामले में वांछित मोहम्मद अहमद और समीर टिमकिया कोठी क्षेत्र में गोकशी की साजिश रच रहे हैं। सूचना के आधार पर जानी थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अहमद के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी समीर को गिरफ्तार कर लिया।
अभिजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी जानी थाने में दर्ज गोहत्या के एक मामले में वांछित थे।
उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से एक गोवंश, दो तमंचे, चार खोखे, तीन कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अहमद के खिलाफ हापुड़, मुजफ्फरनगर और मेरठ में धोखाधड़ी, आयुध अधिनियम तथा गोहत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, समीर के खिलाफ भी गोहत्या के मामले में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी

Facebook


