उत्तर प्रदेश में बिजली का करंट लगने से दो बच्चों की मृत्यु
उत्तर प्रदेश में बिजली का करंट लगने से दो बच्चों की मृत्यु
लखनऊ, चार अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में अलग अलग घटनाओं में बिजली का करंट लगने से दो बच्चों और एक पुजारी की मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि देवरिया में गौरी बाजार थाना अंतर्गत असनहार गांव में अपने घर में मोबाइल फोन चार्ज करते समय बिजली का झटका लगने से आठ वर्षीय लड़की की मृत्यु हो गई। मृतक लड़की की पहचान काली उर्फ डालो के रूप में हुई।
गौरी बाजार थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि एटा जिले में कोतवाली नगर पुलिस थाना अंतर्गत राधा विहार क्षेत्र में खुले में रखे एक ‘ट्रांसफॉर्मर’ की चपेट में आने से 10 वर्षीय लड़की की मृत्यु हो गई।
उन्होंने कहा कि पीड़िता की पहचान आरुषि के रूप में हुई है और वह अपने छोटे भाई को कोचिंग संस्थान छोड़कर घर वापस आ रही थी।
वहीं लखनऊ में गोसांईगंज इलाके में रामबाग धाम अमेठी मंदिर में बिजली के तार के चपेट में आने से 65 वर्षीय पुजारी की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान रूपचंद के रूप में हुई है।
भाषा राजेंद्र जोहेब
जोहेब

Facebook


