हरदोई में मामा के बेटे को बचाने कुंड में कूदा युवक, दोनों की डूबकर मौत
हरदोई में मामा के बेटे को बचाने कुंड में कूदा युवक, दोनों की डूबकर मौत
हरदोई (उप्र), 22 सितंबर (भाषा) हरदोई के बेनीगंज क्षेत्र में स्थित हत्याहरण तीर्थस्थल के कुंड में नहाते समय डूबने से 11 वर्षीय लड़के समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार की शाम बेनीगंज कोतवाली इलाके में हुई, जब सीतापुर निवासी रितिक (11) हत्याहरण तीर्थस्थल स्थित कुंड में नहाने गया था तभी गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा।
पुलिस ने बताया कि रितिक को बचाने के लिए उसके बुआ के बेटे मोहित त्रिपाठी (20) ने कुंड में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया।
उन्होंने बताया कि दोनों को डूबता देख राज नामक एक युवक भी कुंड में उतर गया और शोर मचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने राज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और काफी देर की मशक्कत के बाद रितिक और मोहित को भी कुंड से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि सीतापुर शहर के छोटी लाइन इलाके का निवासी मोहित अपनी मां अर्चना, मामा मिथलेश, मामा के बेटे रितिक और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को हत्याहरण तीर्थस्थल आया था।
हरियावां के क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि रितिक डूब गया और मोहित की मौत उसे बचाने की कोशिश में हुई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं सलीम गोला
गोला

Facebook


